करमहाँ डींगुरपुर में जमीनी विवाद ने पकड़ा तूल

शेयर करे

महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के करमहाँ डींगुरपुर गांव में जमीन को लेकर चल रहा विवाद अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। गांव निवासी रंजना सिंह द्वारा गांव के ही विनोद सिंह, मनोज सिंह और अग्नेश सिंह के खिलाफ पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत कर जमीन पर कब्जे का आरोप लगाए जाने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
रंजना सिंह का आरोप है कि गांव में स्थित एक भूखंड की घरौनी उनके नाम पर बनी हुई है, लेकिन गांव के ही कुछ लोग उक्त जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर न्याय की मांग की। मामले को लेकर उन्होंने मीडिया के सामने भी अपनी बात रखी और जमीन पर अपने अधिकार का दावा किया।
मामले की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जब स्थानीय मीडिया के लोग गांव पहुंचे और विवादित जमीन के संबंध में जानकारी जुटाई, तो वहां मौजूद लोगों ने अलग ही दावा प्रस्तुत किया। पत्रकारों ने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत की और आरोपित पक्ष के अग्नेश सिंह से भी जमीन के स्वामित्व तथा विवाद की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों से भी मामले की जानकारी प्राप्त की गई।
करमहाँ डींगुरपुर में जमीन को लेकर सामने आए दोनों पक्षों के दावों के बीच अब सबसे महत्वपूर्ण सवाल विवादित भूखंड के वास्तविक स्वामित्व का है। एक ओर रंजना सिंह घरौनी के आधार पर अपना दावा कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण और अग्नेश सिंह का परिवार जमीन को ठाकुर जी की संपत्ति बता रहे हैं। ऐसे में राजस्व विभाग के अभिलेख, भूखंड की सीमाएं, उपलब्ध स्वामित्व संबंधी दस्तावेज और संबंधित अधिकारियों की जांच महत्वपूर्ण होगी। अब देखना यह है कि राजस्व अभिलेखों की जांच और नियमानुसार प्रक्रिया के बाद विवादित जमीन को लेकर क्या स्थिति सामने आती है और दोनों पक्षों के दावों में से किसकी पुष्टि होती है।
इनसेट–
रंजना सिंह कर रही सरकारी जमीन पर कब्जा: अग्नेश
महराजगंज (आजमगढ़)। ग्रामीणों के अनुसार, विवादित भूखंड ठाकुर जी के नाम की संपत्ति है और अग्नेश सिंह का परिवार मंदिर तथा उससे संबंधित जमीन की देखरेख करता आ रहा है। ग्रामीणों ने रंजना सिंह के दावे को निराधार बताया। अग्नेश सिंह ने बताया कि उनका परिवार ठाकुर जी के मंदिर और उससे संबंधित संपत्ति का संरक्षक है तथा उसकी देखरेख करता है। उनके अनुसार, विवादित भूखंड ठाकुर जी के नाम की जमीन है। उन्होंने रंजना सिंह के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी घरौनी आरसीसी सड़क के पश्चिम दिशा में स्थित है, जबकि ठाकुर जी की जमीन सड़क के पूरब तरफ है। अग्नेश सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि रंजना सिंह सरकारी जमीन पर कब्जा कर रही हैं।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *