बूढ़नपुर/अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अतरौलिया थाना क्षेत्र के इटौरी गांव में गुरुवार को पोखरी में डूबने से 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इटौरी गांव निवासी रमाशंकर 76 वर्ष पुत्र छट्ठू गुरुवार की सुबह शौच के लिए गांव के सिवान की ओर गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। करीब दो घंटे बाद ग्रामीणों को गांव की पोखरी में किसी व्यक्ति के डूबने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पोखरी के पास जुट गए। तलाश के दौरान रमाशंकर का शव पोखरी से बरामद किया गया।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पुत्र राजकपूर ने बताया कि घर से कुछ दूरी पर गहरा गड्ढा खोदा गया था। कुछ दिन पहले इसकी मिट्टी निकालने के बाद गहरे गड्ढे को वैसे ही छोड़ दिया गया था। बारिश के कारण इसमें पानी भर गया था। इसी गड्ढे में फिसलकर गिरने से उनके पिता की जान चली गई।
रमाशंकर के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। सभी बच्चों की शादी हो चुकी है। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही पत्नी कैलाशी देवी सहित परिजनों में कोहराम मच गया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र पांडेय ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिजनों को सरकारी स्तर से मिलने वाले अनुदान और सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद/अरविंद सिंह