लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोमाडीह हरिजन बस्ती में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बुजुर्ग दंपत्ति अपने कमरे में मृत अवस्था में मिले। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान श्यामलाल 80 वर्ष और उनकी पत्नी बसन्ता देवी 77 वर्ष के रूप में हुई है। बताया गया कि श्यामलाल के चार पुत्र और एक पुत्री हैं तथा सभी बच्चों की शादी हो चुकी है।
परिजनों के अनुसार, तीन दिन पहले ही बुजुर्ग दंपत्ति ने परिवार के सभी सदस्यों को बुलाकर अपनी जमीन का बंटवारा किया था। आरोप है कि बंटवारे के अगले दिन बड़े पुत्र और उसकी पत्नी का किसी बात को लेकर बुजुर्ग दंपत्ति से विवाद भी हुआ था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात श्यामलाल और बसन्ता देवी भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। शनिवार सुबह जब छोटी बहू उन्हें जगाने पहुंची तो दोनों कमरे में मृत पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक दंपत्ति की पुत्री ने अपनी बड़ी भाभी पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद