आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद आजमगढ़ में बकरीद का पर्व 28 मई गुरुवार को पूरे उत्साह, श्रद्धा और भाईचारे के माहौल में शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। जिले की प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में हजारों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा कर देश, प्रदेश और समाज में सुख-शांति एवं अमन-चौन की दुआ मांगी। पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया।
शहर के सबसे बड़े ईदगाह बदरका सहित जनपद की सभी प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों पर सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। पूरे जिले में आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता का माहौल देखने को मिला।
बकरीद के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार स्वयं ईदगाह बदरका पहुंचे और वहां की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जनपद में लगभग 700 से अधिक मस्जिदों और ईदगाहों पर बकरीद की नमाज अदा की गई। नमाज के बाद कुर्बानी का सिलसिला भी शुरू हो गया। प्रशासन द्वारा जिलेभर में लगभग 1000 सामूहिक कुर्बानी स्थलों को चिन्हित किया गया है, जबकि बड़ी संख्या में लोग अपने घरों में भी पारंपरिक तरीके से कुर्बानी कर रहे हैं।
संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल, पीएसी और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई थी। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और खुफिया तंत्र के माध्यम से लगातार निगरानी की जाती रही ताकि किसी भी असामाजिक तत्व की गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। वहीं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने लोगों से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बकरीद के अवसर पर जिलेभर में लोगों ने प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हुए पर्व को पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया।
रिपोर्ट-सुबास लाल