डोड़ोपुर-कासिमपुर मार्ग जर्जर, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

शेयर करे

निजामाबाद आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के डोड़ोपुर से कासिमपुर जाने वाला मार्ग लंबे समय से बदहाल होने के कारण ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। सड़क पर पड़ी गिट्टियां भी पूरी तरह गायब हो चुकी हैं, जिसके चलते इस मार्ग से पैदल चलना भी ग्रामीणों के लिए मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि डोड़ोपुर-कासिमपुर मार्ग से दोनों गांवों के हजारों लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। इसी मार्ग से ग्रामीण बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आते-जाते हैं। सड़क की जर्जर हालत के कारण सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। दोपहिया वाहन चालकों को भी गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
बारिश होने के बाद स्थिति और भी खराब हो जाती है। जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढों का अंतर स्पष्ट नहीं हो पाता, जिससे आवागमन करने वाले लोगों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से सड़क के निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक मार्ग की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
बुधवार को ग्रामीणों ने समाजसेवी अरुण कुमार और सभासद कुलदीप कौर के नेतृत्व में जर्जर मार्ग पर खड़े होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन का ध्यान सड़क की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित करते हुए तत्काल मार्ग का निर्माण कराने की मांग की।
इस अवसर पर मोहम्मद अयूब, अनिल कुमार, विमला देवी, मोहम्मद अरशद आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *