आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गयी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वोटर लिस्ट से संबंधित कोई भी मामला पेंडिंग में न रहे। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर से कोई कमी या पेंडेंसी हो तो तत्काल अपने से उच्च स्तर को सूचित किया जाय। उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें पोलिंग पार्टियों के रुकने, खाने, पीने के पानी एवं शौचालय आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लिया जाय साथ ही सभी मतदान केंद्र पर पानी, बिजली, शौचालय, रैम्प आदि की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें । उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम स्वयं मौके पर जाकर आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कर लें।
इनसेट-
अवैध शराब बिक्री को लेकर रहें सतर्क
आजमगढ़। जिलाधिकारी ने कहा कि चुनाव को देखते हुए अवैध शराब की बिक्री को लेकर सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि अवैध शराब बिकने वाले क्षेत्रों की दुकानों का लगातार निरीक्षण करते रहें। उन्होंने कहा कि जिला आबकारी अधिकारी लाइसेंसी दुकानों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि दुकान में कोई गलत वेंडर न हो। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे की सक्रियता एवं रिकॉर्डिंग को चेक कर रिकॉर्डिंग की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाय।
इनसेट-
संवेदनशील, अतिसंवेदनशील क्षेत्रों के पोलिंग सेंटरों का करें निरीक्षण
आजमगढ़। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा कि चुनाव के दृष्टिगत संवेदनशील, अतिसंवेदनशील क्षेत्रों के पोलिंग सेंटरों का निरीक्षण कर विगत चुनाव में हुए विवादों को देखते हुए संबंधित व्यक्तियों को पाबंद कर दिया जाय। उन्होंने कहा कि पोलिंग सेंटरों पर पुलिस फोर्स के रुकने, खाने-पीने एवं शौचालय आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों का लगातार भ्रमण करते रहे एवं शराब की सेंसटिव एरिया को लेकर सतर्क रहें। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री अनिल कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी आजाद भगत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, समस्त एसडीएम, सीओ एवं आबकारी अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार