आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मण्डलायुक्त मनीष चौहान ने मण्डल के जनपदों में निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक से अनुपस्थित रहने के कारण जहां दो अधिकारियों का एक दिन का वेतन बाधित करने, प्रतिकूल प्रविष्टि देने तथा स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है, वहीं दो अन्य अधिकारियों को भी स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया है।
मण्डलायुक्त श्री चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को देर सायं उनके कार्यालय सभागार में आयोजित मण्डल के जनपदों में 50 लाख एवं 50 करोड़ से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा पूर्वांचल विकास निधि के अन्तर्गत कराये जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिशासी अभियन्ता, उप्र आवास विकास परिषद निर्माण खण्ड-2 वाराणसी तथा परियोजना प्रबन्धक, सी एण्ड डीएस, जल निगम के अनुपस्थित रहने पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए दोनों अधिकारियों का एक दिन का वेतन बाधित करने, प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ ही स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया। इसी प्रकार अधीक्षण अभियन्ता, जल निगम द्वारा बिना अवगत कराये अन्य बैठक में चले जाने तथा अधिशासी अभियन्ता उप्र राज्य निर्माण सहकारी संघ लि. (पैकफेड) मऊ द्वारा काफी विलम्ब से उपस्थित होने के कारण मण्डलायुक्त ने इन दोनों अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है। इसके साथ ही उन्होंने मार्टीनगंज तहसील के आवासीय निर्माण कार्यों के सम्बन्ध में कार्यदायी संस्था पैकफेड द्वारा सही जानकारी नहीं दिये जाने पर असन्तोष व्यक्त करते हुए अपर आयुक्त (न्यायिक) एवं अधीक्षण अभियन्ता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि मौके पर जाकर उक्त तहसील के आवासीय निर्माण को देखें तथा एक सप्ताह में स्पष्ट संयुक्त आख्या उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने पैकफेड द्वारा जनपद मऊ एवं बलिया में कराये गये कार्यों की भी जॉंच कर आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार