आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मण्डलायुक्त विवेक ने 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शनिवार को अपने कार्यालय के सभागार में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाये रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को बनाये रखते हुए निर्भीक होकर बिना किसी प्रलोभन से प्रभावित हुए अनिवार्य रूप से मतदान करने की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा के आधार पर मतदान करना लोकतांत्रिक परम्पराओं के लिये घातक है। इसलिए हम सभी को इन सब बातों से ऊपर उठकर लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाये रखने के लिये सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग हर हालत में करना चाहिए। मण्डलायुक्त विवेक ने कहा कि देश का एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारा यह दायित्व है कि हम अपने साथ-साथ अपने परिवार, अपने गांव, मुहल्ले वालों को भी अनिवार्य मतदान के प्रति जागरुक और दृढ़ संकल्पित करें।
इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रशासन शमशाद हुसैन, अपर आयुक्त न्यायिक डॉ.अर्चना द्विवेदी, सहायक आयुक्त औषधि गोविन्द लाल गुप्ता, प्रशासनिक अधिकारी राम अवध व राजेश यादव, शासकीय अधिवक्ता ओपी पाण्डेय, सहायक शासकीय अधिवक्ता अजीत सिंह, सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नागेन्द्र मौर्य सहित आयुक्त कार्यालय भवन स्थित समस्त कार्यालयों के अधिकारी, कर्मचारी तथा अधिवक्ता उपस्थित थे।
इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, नोडल अधिकारी स्वीप, गंभीर सिंह द्वारा कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही समस्त कार्यालय में संबंधित अधिकारियों द्वारा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा एवं अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर अपने-अपने विचार व्यक्त किए गए।
रिपोर्ट-सुबास लाल