पवई आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के चकिया बखरिया गांव में हरिओम पांडेय हत्याकांड के बाद एक और युवक की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार को गांव निवासी पवन कुमार गिरी 32 वर्ष पुत्र प्रेम गिरी का शव घर से करीब 500 मीटर दूर खेत स्थित पोखरे में मिला। वह पोखरे में मछली पालन का कार्य करता था और उसकी रखवाली भी करता था।
पवन कुमार गिरी शनिवार की रात मछली पालन वाले पोखरे की रखवाली के लिए गया था। रविवार को उसका शव पोखरे में मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया युवक की मौत पानी में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि उसकी मौत किन परिस्थितियों में और किस कारण हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
परिजन युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पवन चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी पत्नी पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी। पवई थानाध्यक्ष मनीष पाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-नरसिंह