सोसायटी पर यूरिया आते ही उमड़ी किसानों की भीड़

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। यूरिया खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों को मंगलवार को बड़ी राहत मिली। देवगांव कोऑपरेटिव सोसायटी पर जैसे ही यूरिया खाद की खेप पहुंची, सैकड़ों किसान आधार कार्ड लेकर पहुंच गए। देखते ही देखते सोसायटी परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति बिगड़ने की संभावना के दृष्टिगत समिति सचिव को मजबूरन पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस ने मोर्चा संभालकर किसानों को लाइन में लगवाया और क्रमवार खाद वितरण कराया। सुबह से लेकर दोपहर बाद तक किसानों की भीड़ सोसायटी पर जमी रही।
विदित हो कि बारिश के बाद धान की फसल में यूरिया की ज़रूरत बढ़ गई थी। कई दिनों से क्षेत्र में खाद न मिलने से किसान परेशान थे। आरोप है कि प्राइवेट दुकानदारों के यहां यूरिया के साथ दवाइयां खरीदने की मजबूरी झेलनी पड़ रही थी। किसानों ने कहा कि सोसायटी से मिलने वाला खाद असली और उचित मूल्य पर मिलती है। इसी भरोसे के चलते बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे। यूरिया मिलने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली और अब वे फसल में खाद डालने की तैयारी में जुट गए हैं।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *