पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कंधरापुर थाना क्षेत्र के मिरिया गांव में बिजली का कार्य करते समय हुए हादसे में घायल संविदा लाइनमैन मुन्ना प्रजापति 52 वर्ष की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर है।
परिजनों के अनुसार 5 अप्रैल की दोपहर मुन्ना प्रजापति गांव में बिजली ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़े थे। तभी अचानक खंभे का निचला हिस्सा टूट गया और वे जमीन पर गिर पड़े, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। तत्काल उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बैठौली स्थित एक निजी अस्पताल और फिर लखनऊ ले गए, जहां काफी दिनों तक इलाज चला। लगातार इलाज और बढ़ते खर्च के चलते परिवार आर्थिक तंगी से जूझने लगा। अंततः 13 अप्रैल को परिजन उन्हें फिर आजमगढ़ लेकर आए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मुन्ना प्रजापति वर्ष 2016 से आजमपुर पावर हाउस पर संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत थे। वे अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। इस घटना ने बिजली विभाग में कार्यरत संविदा कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट-बबलू राय