रानीकीसराय आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कस्बे के राजा गली मुहल्ले में पानी निकास नाला जाम होने से हुए जलभराव को लेकर नागरिकों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। नागरिकों ने जिलाधिकारी से समस्या निदान की मांग की है। नागरिक लंबे समय से समस्या से जूझ रहे हैं।
कस्बे के मुख्य मार्ग से राजा गली मुहल्ला मार्ग है। इस आबादी वाले हिस्से में घरो से पानी निकास के लिए पंचायत निधि से पूर्व में नाला बनाया गया था। छः वर्ष पूर्व नाले की सफाई हुई थी। इधर इस नाले से सटे भवन स्वामियों ने नाले के उपर सीढी, चबूतरा बनवा कर अतिक्रमण कर लिया। हालत यह है कि नाले का कुछ ही हिस्सा खुला है जिससे सफाई होना संभव नहीं है। मुहल्लावासियों ने ग्राम प्रधान और खंड विकास अधिकारी को पत्रक देकर गुहार लगाई तो प्रधान ने अतिक्रमण हटाने के लिए प्रयास किया परंतु नहीं हो सका। मुहल्ले की हालत है कि घरों का निकला पानी जमा हो जा रहा है। दुर्गंध से लोगो का श्वांस लेना दूभर है। शुक्रवार को नागरिकों ने समस्या को लेकर प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी को प्रेषित पत्रक मे समस्या से निजात की मांग की है। नागरिकों ने कहा समस्या निदान न होने पर जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन को बाध्य होगे।
इस मौके पर दिलीप जायसवाल, राधे सोनकर, बसंत कुमार, दुर्गा यादव, शुभम, मातबर, सोनू सोनकर, अजय मोदनवाल आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-प्रदीप वर्मा