एक दिसंबर को पदयात्रा निकालेंगे बाल ब्रह्मचारी हिमांशु दास

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सनातन धर्म की अलख जगाने, सर्वजन सुखाय और सर्वजन हिताय की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ क्षेत्र के कठहीं ग्राम निवासी बाल ब्रह्मचारी हिमांशु दास आगामी एक दिसंबर को पदयात्रा निकालेंगे। बालाजी की प्रेरणा और हनुमान जी महाराज की विशेष कृपा से आयोजित इस पदयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।
पंडोखर धाम पीठाधीश्वर श्री गुरुसरण जी महाराज से दीक्षा प्राप्त हिमांशु दास सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और जनकल्याण के कार्यों में जुटे हुए हैं। उनका कहना है कि बालाजी के आशीर्वाद और हनुमान जी महाराज की कृपा से उन्हें धर्म, सेवा और लोक कल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है। इसी संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से वह अपनी पहली पदयात्रा निकालने जा रहे हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पदयात्रा का शुभारंभ एक दिसंबर को सुबह 10 बजे बस्ती-भुजवल (कठही) सुदिष्टा ब्रम्ह बाबा के स्थान से होगा। यह यात्रा प्रथम देव सिद्धपीठ धाम बाबा मुशई दास जी महाराज के पावन धाम तक पहुंचेगी। पदयात्रा बस्ती-भुजवल बाजार, इसहाकपुर, लहुराबन, साहपुर बाजार, पियरिया धर्मशाला, डिभनिया और कोलसा सहित विभिन्न गांवों एवं बाजारों से होकर गुजरेगी।
इस धार्मिक पदयात्रा में श्रीश्री 1008 ब्रह्मलीन संत मौनी बाबा के कृपापात्र संत 108 शुभम दास तथा नागा बाबा करनपुर कुटी के पीठाधीश्वर महंत नारायण दास सहित अन्य संत-महात्माओं के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *