अंजानशहीद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रदेश के टॉप टेन माफिया कुंटू सिंह की पत्नी बंदना सिंह और अभिषेक सिंह के खिलाफ जीयनपुर कोतवाली में न्यायालय की अवमानना का मुकदमा गुरुवार को दर्ज कर लिया गया।
थानाध्यक्ष बिलरियागंज ब्रह्मदीन पांडेय ने जीयनपुर कोतवाली में तहरीर देकर कहा कि मुझे मुकदमा संख्या 488 /2022 गैंगस्टर एक्ट और जालसाजी की विवेचना दी गई है। मुकदमे में बंदना सिंह पत्नी ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू सिंह निवासी ग्राम छपरा सुल्तानपुर थाना जीयनपुर और अभिषेक सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी खुटहन थाना तरवा पंजीकृत आरोपी है। इन दोनों की गिरफ्तारी के लिए पर्याप्त प्रयास किया गया परंतु गिरफ्तार नहीं किया जा सका। इनके विरुद्ध 12 सितंबर को गैर जमानती वारंट और धारा 82 सीआरपीसी की कार्रवाई भी हो चुकी। न्यायालय द्वारा 17 नवंबर को 2022 को तीस दिन की दी गई समय सीमा भी समाप्त हो गई। लेकिन आरोपितों ने न तो आत्मसमर्पण किया न ही पुलिस की पकड़ में आए। आरोपित लगातार न्यायालय की अवमानना कर रहे हैं। वादी थानाध्यक्ष बिलरियागंज की तहरीर पर जीयनपुर कोतवाली में न्यायालय की अवमानना का मुकदमा दर्ज किया गया है। जीयनपुर कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट-फहद खान