लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मसीरपुर में बदमाश के साथ पुलिस की मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
एसपी सिटी शैलेंद्र लाल के मुताबिक बदमाश के कब्जे से तमंचा कारतूस बरामद किया गया है। देवगांव कोतवाली के मोलनापुर से चोरी की गई बोलेरो भी बरामद की गई है। मुठभेड़ देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मसीरपुर ईंट भट्टे के समीप हुई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर शैलेंद्र लाल ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब पौने सात बजे सूचना मिली कि कुछ बदमाश बोलेरो से वाराणसी की तरफ जाने वाले हैं जो गंभीरपुर की तरफ से आ रहे हैं। पुलिस ने लालगंज के आसपास चेकिंग अभियान शुरू किया तभी गंभीरपुर की तरफ से आ रही बोलेरो को जब रोका गया तो वह भागने लगी और फिर मसीरपुर भट्टे के पास गड्ढे में फंस गई। इसी दौरान बोलेरो पर सवार हारून नाम का शातिर बदमाश पुलिस पर फायर करने लगा। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें उसके पैर में गोली लगी है। बताया जा रहा है कि जिस बोलेरो पर सवार थे वह चोरी की है और 12 दिसंबर को देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मोलनापुर से चुराई गई है। गोली लगने के बाद घायल हारून को पुलिस ने हिरासत में ले लिया और इलाज के लिए उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि इस बदमाश पर आजमगढ़ जौनपुर में कुल 8 मुकदमे दर्ज हैं और उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट- मकसूद अहमद