अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगर पंचायत स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री हनुमानगढ़ी में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय संगीतमयी श्रीराम कथा का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। कथा विश्राम के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। इस भंडारे में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। महिलाओं की बड़ी भागीदारी को देखते हुए आयोजकों ने उनके लिए अलग काउंटर और बैठने की विशेष व्यवस्था की थी, जबकि पुरुषों व बच्चो के लिए बाहर अलग व्यवस्था बनाई गई थी।
आयोजक पप्पू सोनी उर्फ कन्हैया लाल ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में हर तीसरे वर्ष यह भव्य भंडारा आयोजित किया जाता है। शाम छह बजे शुरू हुआ भंडारा देर रात तक चलता रहा। उन्होंने बताया कि अब तक चार से पांच हजार श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर चुके हैं। आयोजन में नगरवासियों, व्यापारियों और सेवादारों का विशेष सहयोग रहा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद