आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शहर के मुख्य चौक, गोला मंडी रोड स्थित प्रसिद्ध बिहारी जी मंदिर प्रांगण में इन दिनों भक्ति की बयार बह रही है। गत 17 मई से शुरू हुई भव्य भागवत कथा ज्ञान गंगा का प्रवाह आगामी 30 मई तक अनवरत जारी रहेगा। संत प्रसाद अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित किए जा रहे इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान का समापन 31 मई को पूर्णाहुति और एक विशाल भंडारे के साथ होगा।
इस 14 दिवसीय भागवत कथा की सबसे खास बात यह है कि कथावाचक गणेश महाराज के द्वारा इसमें प्रतिदिन भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े भिन्न-भिन्न जीवंत और बेहद मार्मिक प्रसंगों को उत्सव के रूप में श्रद्धालुओं के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। जिसमें माखन चोरी और नटखट बाल लीलाओं के दृश्यों ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। सुदामा चरित्र के प्रसंग को सुनकर कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। शिव-पार्वती विवाह के प्रसंग पर पंडाल में जमकर फूलों की होली खेली गई। आयोजन समिति से सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस समय पुरुषोत्तम मास चल रहा है। शास्त्रों के अनुसार, इस पवित्र महीने में भागवत कथा के मात्र श्रवण से ही व्यक्ति कलियुग के समस्त पापों से मुक्त हो जाता है।
आयोजन समिति प्रभुनाथ अग्रवाल ने क्षेत्र के तमाम धर्मप्रेमियों से अपील की है कि वे प्रतिदिन शाम को अधिक से अधिक संख्या में बिहारी जी मंदिर प्रांगण पहुंचकर कथा रूपी अमृत का पान करें और पुण्य के भागीदार बनें। कथा को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार