पुलिस मुठभेड़ में प्रतिबंधित गोमांस तस्कर घायल, गिरफ्तार

शेयर करे

संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना सरायमीर पुलिस ने कुंवर नदी किनारे मिले प्रतिबंधित पशु के मांस की घटना का 24 घंटे के अन्दर खुलासा करते हुए मुठभेड़ में एक अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसे इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभियुक्त के पास से तमंचा, कारतूस के साथ गोवंश वध में प्रयुक्त चापड़, दो चाकू व लकड़ी का ठीहा बरामद हुआ।
थाना सरायमीर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम सदरपुर (शाहपुर) में कुंवर नदी के किनारे स्थित खेत में दो प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष बरामद हुए थे। उक्त सूचना पर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया गया तथा पशु चिकित्साधिकारी द्वारा अवशेषों का परीक्षण कर आवश्यक नमूने सुरक्षित किये गये। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया।
घटना के शीघ्र अनावरण एवं संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया था। बुधवार की रात्रि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उक्त घटना में शामिल कुछ व्यक्ति प्रतिबंधित पशुओं के वध में प्रयुक्त हथियार लेकर सदरपुर (शाहपुर) से कादनपट्टी की ओर जा रहे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सरायमीर मय पुलिस बल द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। पुलिस टीम को देखकर चारों आरोपी भागने लगे। पुलिस टीम द्वारा पीछा किये जाने पर तीन आरोपी अंधेरे, खेतों एवं भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे, जबकि एक आरोपी को पुलिस टीम द्वारा घेर लिया गया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस द्वारा आरोपी को घायलावस्था में गिरफ्तार कर तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया। घायल की पहचान मो.साबिर पुत्र स्व. शकील निवासी शाहपुर (सदरपुर) थाना सरायमीर, स्थायी पता दलालघाट, थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। उसने फरार आरोपियों का नाम सैफ पुत्र शमीम, आजम पुत्र इरफान उर्फ पप्पू एवं असजद पुत्र मोकिम निवासीगण शाहपुर (सदरपुर) बताया।
रिपोर्ट-राहुल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *