15 लाख आशीर्वाद के दीए से जगमग हुआ आजमगढ़

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ हुआ। अभियान के प्रथम दिवस पूरे जनपद में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की गई।

अभियान के प्रथम दिवस का मुख्य आकर्षण ‘आशीर्वाद का दीया’ रहा। जनपद के 10 लाख से अधिक घरों सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों एवं संस्थानों में सायं 7 बजे दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जनपदवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए दीप प्रज्ज्वलित कर जनसेवा के 25 वर्षों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। नरौली तिराहे पर मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल के नेतृत्व में दीप प्रज्ज्वलित किया गया। इस अवसर पर नगरवासियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया और प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
इनसेट
प्रमुख स्थलों पर सामूहिक रूप से हुआ दीप प्रज्ज्वलन
आजमगढ़। जनपद के चिन्हित प्रमुख स्थलों में भंवरनाथ मंदिर, एकलव्य घाट, चंद्रमा ऋषि आश्रम, दुर्वासा ऋषि आश्रम, दत्तात्रेय ऋषि आश्रम, अग्रसेन चौराहा, नरौली तिराहा, प्रत्येक विकास खंड में निर्मित शहीद स्थल, कुंवर सिंह उद्यान, तहसील मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर सायं 7 बजे दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
इसी क्रम में सभी सरकारी कार्यालयों एवं भवनों, पंचायत सचिवालयों, अमृत सरोवरों, जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पेयजल टंकियों, बेसिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा के विद्यालयों, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, नगरीय निकायों तथा विभिन्न परियोजना स्थलों पर भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया गया।
इनसेट-
अमृत सरोवर, शिक्षण संस्थानों एवं कार्यालयों में भी दिखा उत्साह
आजमगढ़। आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के अंतर्गत अमृत सरोवर, मुहम्मतपुर, विकास खंड सठियांव में विशेष दीपोत्सव का आयोजन किया गया। दीपों से सुसज्जित अमृत सरोवर पर ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित किए। इसके साथ ही महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, राजकीय मेडिकल कॉलेज, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सहित समस्त तहसील एवं विकास खंड कार्यालयों तथा नगरीय निकाय कार्यालयों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया गया।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *