अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत ईओ डॉ.लव कुमार मिश्र व नगर अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल के संयुक्त नेतृत्व में काकोरी शताब्दी एक्शन वर्षगांठ पर शिलाफलकम पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और शहीदों को नमन किया गया।
डॉ.लव कुमार मिश्र ने कहा कि राजकीय बालिका इंटर कालेज परिसर में थीम एक वृक्ष मां के नाम के अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया। इसके बाद विद्यालय परिसर से प्रचार वाहन हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रचार वाहन में लगे आडियो के माध्यम से समूचे नगर पंचायत में भ्रमण कर राष्ट्रभक्ति गीत के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
बता दे कि काकोरी भारत के उत्तर प्रदेश राज्य के लखनऊ ज़िले में स्थित एक नगर और नगर पंचायत है। यह जगह भारतीय स्वतन्त्रता संग्राम के दौरान क्रान्तिकारी काकोरी काण्ड के लिए जानी जाती है। यहां पर काकोरी शहीदों की स्मृति में एक स्मारक भी है। काकोरी कांड ने ब्रिटिश हुकूमत को इस कदर हिला दिया था कि क्रांतिकारियों को पकड़ने लिए उसने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। 4600 रुपए की लूट करने वाले क्रांतिकारियों को गिरफ्तार करने के लिए करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे। क्रांतिकारियों पर सरकार के खिलाफ सशस्त्र युद्ध छोड़, सरकारी खजाना लूटने और हत्या करने का केस चलाया गया। रामप्रसाद बिस्मिल को गोरखपुर में, अशफाकउल्ला खान को फैजाबाद में, राजिंद्रनाथ लाहिड़ी को गोंडा में, और रोशन सिंह को इलाहाबाद में फांसी दी गई थी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद