आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आम आदमी पार्टी द्वारा पार्टी कार्यालय, सिविल लाइन्स पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पार्टी के प्रान्त अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और जनसेवा के माध्यम से देश को नई दिशा दी, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जो आज भी सार्वजनिक जीवन में प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के विचारों को केवल स्मरण करने के बजाय अपने जीवन और सामाजिक-राजनीतिक कार्यों में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाशंकर पाठक ने कहा कि गांधी जी का सत्य और अहिंसा का मार्ग तथा शास्त्री जी का सादगीपूर्ण एवं ईमानदार जीवन देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आज देश को ऐसे सार्वजनिक जीवन की आवश्यकता है, जिसमें सत्ता से अधिक जनता के हितों को प्राथमिकता दी जाए।
इस मौके पर अमरनाथ यादव, रमेश मौर्या, उमेश यादव, एमपी यादव, अन्नू राय, सुनील यादव, राकेश यादव, अनिल यादव, अरविन्द, आकाश, आदित्य यादव आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार