नगर निकाय चुनाव: मास्टर ट्रेनरों को दिया गया प्रशिक्षण

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगरीय निकाय निर्वाचन-2022 को सकुशल सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण देने हेतु 65 मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर इं.कुलभूषण सिंह ने पीठासीन अधिकारियों, मतदान अधिकारी प्रथम, मतदान अधिकारी द्वितीय एवं मतदान अधिकारी तृतीय के कर्तव्य एवं दायित्व के विषय में विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होने बताया कि मतदान से पूर्व सामग्री वितरण केन्द्र पर मतदान सामग्री प्राप्त करते समय यह जांच लें कि मतपेटियां ठीक हैं। मतदाता सूची की सभी प्रविष्टियां सही हैं व उसी बूथ की हैं। अमिट स्याही की सीसी को भी जांच लें, उम्मीदवारों की सूची को भी जांच लें तथा सभी लिफाफों एवं प्रारूपों की जांच अवश्य कर लें। प्राप्त मतपत्रों के क्रमांकों की जांच अवश्य कर लें। प्राप्त मतपत्र आपके बूथ के लिए आवंटित क्रमांक संख्या के लिए ही हैं। उन्होने मतदान कर्मियों के कार्य विभाजन के बारे में भी बताया। उन्होने कहा कि मतदान अधिकारी प्रथम मतदाता सूची के चिन्हित प्रति का प्रभारी होगा एवं निर्वाचकों के पहचान के लिए जिम्मेदार होगा। मतदान अधिकारी द्वितीय मतपत्रों एवं अमिट स्याही का प्रभारी होगा, जो मतदाता के बाईं हाथ के तर्जनी उंगली पर अमिट स्याही लगायेगा। मतदान अधिकारी तृतीय मतपेटी एवं ऐरोक्रास सील का प्रभारी होगा। मतदान अभिकर्ताओं को प्रारूप-17 में नियुक्ति पत्र पीठासीन अधिकारी को दिखाना होगा। उन्होने कहा कि यह जांच लें कि मतदान अभिकर्ता की नियुक्ति आपके मतदान केन्द्र के लिए ही है व प्रारूप-17 में अभ्यर्थी के हस्ताक्षर का मिलान प्रत्याशी सूची से कर लें। जिला विकास अधिकारी, सहायक प्रभारी कार्मिक संजय कुमार सिंह ने भी मास्टर ट्रेनरों को मतदान की बारीकियों एवं सावधानियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *