आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने थाना मुबारकपुर क्षेत्र में वेलकम ढाबा पर हुयी घटना में 2 वांछित, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु 25-25 हजार एवं थाना कप्तानगंज में किशोरी के साथ हुयी छेड़खानी व दुष्कर्म की घटना में वांछित, फरार एक अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु 25 हजार नकद पुरस्कार घोषित किया है।
बीते 18 नवम्बर को शाह आलम पुत्र मोहम्मद वकील निवासी लोहरा थाना मुबारकपुर ने शिकायत किया कि 17 नवम्बर को वह अपने वेलकम ढाबा जमुड़ी बाजार में काउन्टर पर बैठा हुआ था। उसी समय ढाबे पर रंगीला यादव पुत्र सूर्यभान यादव, वरूण यादव पुत्र सूर्य भान यादव आदि 12 लोग खाना खाने आये, खाने का पैसा न देने की बात को लेकर वादी व ढाबे के कर्मचारियों को गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गयी। ढाबे को तोड़-फोड़ करके क्षत्रिगस्त किया गया तथा कैश काउन्टर से पैसे निकाला गया। शिकायत के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। पूर्व में 10 अभियुक्तो को गिरफ्तार कर चुकी है। शेष 2 अभियुक्त रंगीला यादव व वरूण यादव फरार चल रहे हैं। दो दिसम्बर को पुलिस अधीक्षक ने मुकदमा उपरोक्त में 2 वांछित, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु जनपद स्तर से प्रत्येक अभियुक्त पर 25-25 हजार का नकद पुरस्कार घोषित किया है। इसी क्रम में थाना कप्तानगंज में किशोरी के साथ हुयी छेड़खानी व दुष्कर्म की घटना में वांछित, फरार अभियुक्त इशरार की गिरफ्तारी हेतु 25 हजार का नकद पुरस्कार घोषित किया गया है।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार