अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला क्षेत्र के कलवरिया गांव निवासी शिखा चौबे ने आईसीएआर ए आई ई ई ए पीजी-2026 की परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 16वीं रैंक हासिल की है। इसके साथ ही उनका चयन नई दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) में एमएससी कृषि के अंतर्गत मृदा विज्ञान विषय के लिए हुआ है। शिखा की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर सवर्ण आर्मी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शिखा चौबे का स्वागत और सम्मान किया गया। संगठन के जिलाध्यक्ष हरिप्रसाद दुबे ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं संगठन के जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र चौबे ने शिखा को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह और संगठन तन, मन और धन से सहयोग करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. अमित पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर 16वीं रैंक हासिल करना ग्रामीण क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। शिखा की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और मेहनत से विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। शिखा चौबे ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और लगन से ही सफलता हासिल होती है उन्होंने कहा कि मैं भविष्य में कृषि वैज्ञानिक बनाना चाहती हूं
इस अवसर पर त्रिभुवन नाथ पांडेय, सर्वेश चौबे, अखिलेश प्रसाद चौबे, विपिन चौबे, अविनाश कुमार, अंकुर और सनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अंत में आयोजकों ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट-संतोष चौबे