आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ऊर्जा निगमों में स्वेच्छाचारिता समाप्त करने एवं कार्य का स्वस्थ वातावरण स्थापित करने हेतु बिजलीकर्मी पूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से शान्तिपूर्ण आन्दोलन कर रहे हैं एवं कार्य बहिष्कार के तीसरे दिन बैठक किया।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के प्रमुख पदाधिकारियों राज नारायण सिंह धरमू प्रसाद यादव सैयद मुन्नवर अली जय प्रकाश यादव अखिलेश कुमार सूर्या सिंह संदीप प्रजापति शत्रुधान यादव सूरज यादव आलोक राय राम नरेश ने गुरूवार को जारी बयान में कहा कि ऊर्जा निगमों के चेयरमैन के दमनात्मक रवैय्ये से बिजली कर्मियों में इतना गुस्सा है कि वे इस अत्यधिक तनावपूर्ण एवं नकारात्मक माहौल में कार्य कर सकने में हतोत्साहित महसूस कर रहे हैं। इस स्थिति में बिजली कर्मियों को मजबूरन अनिश्चित कालीन कार्य बहिष्कार प्रारम्भ करने हेतु बाध्य होना पड़ा है। बिजली कर्मियों ने ऊर्जा मंत्री की अपील को देखते हुए कार्य बहिष्कार से उन सभी जनपदों के बिजली कर्मियों को अलग रखा है जहां आदर्श चुनाव आचार संहिता लगी है। सभी ऊर्जा निगमों के बिजली कर्मियों का कार्य बहिष्कार आन्दोलन पूरे प्रदेश में पूर्ण सफलता के साथ हो रहा है। कार्य बहिष्कार आन्दोलन के तीसरे दिन कई जिलों की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई है। संघर्ष समिति ने पुनः स्पष्ट किया कि बिजलीकर्मियों के शान्तिपूर्ण आन्दोलन से आम जनता को कोई तकलीफ न हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है किन्तु जनता को हो रही परेशानी के लिए ऊर्जा निगम का शीर्ष प्रबन्धन जिम्मेदार है, जो जनता के बीच सरकार व बिजली कर्मियों की छवि खराब कर रहे हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि शान्तिपूर्ण आन्दोलन पर या किसी भी बिजलीकर्मी पर कोई दमनात्मक या उत्पीड़न की कार्यवाही करने की कोशिश भी की गयी तो इसकी तीखी प्रतिक्रिया होगी।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार