आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के डाटा से अपात्र एवं मृतक व्यक्तियों का डाटा हटाकर बैंकवार तथा ब्रांचवार सूची तैयार कर अपने तकनीकी सहायक को उपलब्ध कराते हुए डाटा का शत-प्रतिशत फीडिंग कराएं। पराली प्रबंधन की समीक्षा में जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम को निर्देश दिए कि जिन-जिन तहसील क्षेत्रों में पराली जलाने की घटना हुई है, उन क्षेत्रों में बैठक करा कर किसानों को जागरूक करें एवं क्रॉप कटिंग का कार्य लेखपालों के माध्यम से जल्द से जल्द कराएं। उन्होंने कहा कि समस्त एसडीएम ग्रामों में जाकर न्यायालय लगाकर वादों का निस्तारण करें। कोर्ट में 5 वर्ष से अधिक के मुकदमो की सूची बनाकर उपलब्ध कराएं एवं उसका निस्तारण करें। जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम को निर्देश दिए कि कर एवं करेत्तर में जो देयक हैं, उसकी वसूली तत्काल कराएं। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी श्री जेपी सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री अनिल कुमार मिश्र, समस्त एसडीएम व तहसीलदार उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार