माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर निवासी व भाजपा नेता जायसवाल आंसू को विदेश से इंटरनेट के माध्यम से आई काल पर जान से मारने की धमकी मिली है। इस संबंध में उन्होंने शुक्रवार की देर शाम अहरौला थाने पर शिकायती पत्र देकर कार्यवाही की मांग की है।
क्षेत्र में हिंदू वादीनेता के रूप में पहचान रखने वाले सुजीत जायसवाल आंसू ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में कहा कि शुक्रवार रात में वे चुनावी जनसंपर्क में बाजार में निकले थे कि उनके मोबाइल पर अंजान अंतर्राष्ट्रीय नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने उन्हे यह कहा कि एक सप्ताह के अंदर जान से मार दिए जाओगे, जितना उड़ना है और मौज करना है कर लो। सुजीत जायसवाल ने फोन करने वाले से उसका नाम और अपनी गलती पूछा तो उसने फोन काट दिया। यही नहीं उसने पांच मिनट के अंतराल पर तीन चार बार नंबर बदल बदल कर जान से मारने की धमकी दी। शिकायती पत्र में उन्होंने यह भी कहा कि तभी से वह और उसका परिवार काफी भयभीत है। इस संबंध में चौकी प्रभारी माहुल का कहना है कि प्रार्थना पत्र मिला है जिन नंबरों पर शिकायत की गई है वे देश के बाहर के हैं। इस लिए जो भी कार्यवाही होगी वह जिले से होगी। शिकायती पत्र को उच्चाधिकारियों को अग्रसारित कर दिया गया है।
रिपोर्ट-श्यामसिंह