शाम तक अपने-अपने मतदान केंद्र पहुँच गईं पोलिंग पार्टियाँ
गाजीपुर (सृष्टि मीडिया)। विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में जिले की सात विधानसभा सीटों पर सोमवार को मतदान होगा। इसके लिए रविवार को पोलिंग पार्टियों को जिला मुख्यालय से रवाना किया गया। सभी पोलिंग पार्टियां शाम तक मतदान केंद्रों पर पहुंच गई। बूथ पर पहुंचने के बाद पोलिंग पार्टियों ने मतदान से जुड़ी तैयारियां शुरू कर दीं। बूथ पर ही उनके रुकने का इंतजाम किया गया है। कुछ स्थानों पर बिजली से जुड़ी समस्या नजर आयी लेकिन थोड़ी देर बाद ही उसे दुरुस्त कर लिया गया। मतदान कार्मिकों के खाने की व्यवस्था भी बूथ पर ही की गई है। सोमवार की सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा जाएगा।
सभी बूथों पर सुरक्षा बल के साथ पहुंचीं पोेलिंग पार्टियां
बतादें, नवीन स्टेडियम गोराबाजार परिसर में विधान सभा सदर एवं जंगीपुर, स्वामी सहजानंद पीजी कालेज परिसर में विधान सभा जहूराबाद व आईटीआई कालेज परिसर में विधानसभा जखनियां, पालीटेक्निक कालेज रौजा परिसर में विधानसभा जमानिया, लंका मैदान में विधान सभा मुहम्मदाबाद तथा स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोराबाजार परिसर में विधानसभा सैदपुर की पोलिग पार्टियों को सुबह सात बजे से ही मतदान कार्मिकों को बुलाया गया था। मतदान कार्मिक, सुरक्षा कर्मी सुबह से ही पहुंचने लगे। सभी विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग आफिसर के अलग-अलग टेबल बनाए गए थे। ईवीएम सहित मतदान से जुड़े अन्य प्रपत्रों पोलिंग पार्टियों के कार्मिकों को देने के लिए अलग-अलग टेबल बनाए गए थे। मतदान कार्मिकों को मतदान से जुड़े सामान के साथ कोरोना से बचाव की सामग्री भी वितरित की गई। निर्वाचन से जुड़े सामान प्राप्त करने के बाद पीठासीन अधिकारियों ने उसकी जांच की और टीम के अन्य सदस्यों व सुरक्षा कर्मियों को साथ लेकर अपने रूट की बस पर सवार हो गए। जिला निर्वाचन अधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता नियमित रूप से सभी विधानसभा क्षेत्रों में पोलिंग पार्टियों के रवानगी की स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। शाम तक सभी पार्टियां रवाना हो चुकी थीं। इस दौरान समय-समय पर प्रेक्षक भी रवानगी स्थलों पर पहुंचे।
ड्यूटी आदेश प्राप्त कर पोलिंग पार्टियां रवाना
बूथों पर पहुंची पोलिंग पार्टियां सुबह 5.30 बजे से सभी प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में माक पोल कराएंगी और उसके बाद सात बजे से मतदान शुरू होगा। सुबह सात बजे से कार्मिक पहुंचने लगे थे और 10 बजे तक परिसर ठसाठस भर गया था। मतदान कार्मिक व सुरक्षा कर्मी मिलाकर करीब 20 हजार से अधिक लोग वहां पहुंचे थे। सभी कार्मिक संबंधित टेबल पर जाकर ड्यूटी प्राप्त करते और सामग्रियां लेकर रवाना होने की तैयारी करते। महिला कार्मिकों के साथ उनके स्वजन भी पहुंचे थे। महिलाएं जब ड्यूटी आदेश प्राप्त करने जा रही थीं तो बच्चों को उनके स्वजन संभाल रहे थे। कुछ महिलाएं बच्चों को गोद में लेकर ही ड्यूटी आदेश प्राप्त करती नजर आयीं। ड्यूटी आदेश प्राप्त करने के बाद पोलिंग पार्टियां प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए वाहन में सवार होकर बूथों को रवाना हो गईं। कुछ मतदान कार्मिक अपने वाहन से पहुंचे थे।