अतरौलिया में खत्म होगा अहंकार और जातिवाद: अरुण राजभर

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण राजभर ने शुक्रवार को भिउरा स्थित अपने कार्यालय पर जनसंपर्क के दौरान विपक्षी दलों और गठबंधन के सहयोगियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अतरौलिया में अब अहंकार और जातिवाद की राजनीति समाप्त होगी तथा गरीबों के सम्मान और विकास की नई बयार चलेगी। आगामी चुनाव में जनता दिखावे की राजनीति करने वालों को जवाब देगी।
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के हालिया बयान और रैली पर पलटवार करते हुए अरुण राजभर ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन गाड़ियों से लोगों को लाकर और 200-300 रुपये का लालच देकर भीड़ जुटाना जनता का अपमान है।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने अतरौलिया के विधायक और विधान परिषद सदस्य से पिछले 15 वर्षों की विकास निधि का हिसाब मांगा। उन्होंने सपा शासनकाल में गरीबों की जमीनों पर कब्जे और जाति देखकर काम करने का आरोप भी लगाया।
अंत में उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को अतरौलिया से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि जनता चुनाव में अपनी ताकत दिखाएगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *