आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगर पालिका परिषद आजमगढ़ के अंतर्गत लंबे समय से लंबित जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्रों के शीघ्र निस्तारण की मांग को लेकर बुधवार को नगर के सभासदों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
सभासद एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष सदस्य जिला योजना समिति सभासद गुरुटोला अनंतपुरा के मोहम्मद अफजल ने बताया कि उपजिलाधिकारी सदर द्वारा 30 सितंबर 2026 से पूर्व जांच एवं निस्तारण के लिए आदेशित किए गए अनेक प्रकरण अभी तक संबंधित विभाग द्वारा ऑनलाइन कराकर निस्तारित नहीं किए गए हैं, जिससे आम नागरिकों को आवश्यक सरकारी दस्तावेज मिलने में भारी परेशानी हो रही है।
पूर्व सभासद एवं सभासद प्रतिनिधि बदरका तारिक फ़ैसल तथा सभासद वीरेंद्र यादव ने कहा कि जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र शिक्षा, पेंशन, सरकारी योजनाओं और अन्य जरूरी कार्यों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, लेकिन सक्षम अधिकारी के आदेश के बावजूद लोगों को कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक व मानसिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सभासदों ने जिलाधिकारी से मांग की कि एसडीएम सदर द्वारा आदेशित सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर ऑनलाइन कराकर पात्र आवेदकों को शीघ्र प्रमाण-पत्र जारी किए जाएं। साथ ही निस्तारण में हो रही देरी की समीक्षा कर संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया जाए और भविष्य में ऐसे मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित हो, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने में आनंद देव उपाध्याय, नन्दू बाबा, महताब कुरैशी, विजय चंद्र यादव, सुरेश कुमार शर्मा, मुन्ना निषाद, वीरेंद्र यादव, अनूप गुप्ता, राजू यादव, अजीजुर्रहमान बाबू, निशीथ रंजन तिवारी, तारिक फैसल, सन्तोष चौहान, अख्तर राजा अमानत, दुर्गेश कुमार यादव, अरविंद चौहान रामजन्म निषाद आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार