शौकत कैफी की पुण्यतिथि पर छात्राओं ने निकाली रैली

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। दिवंगत शौकत कैफी की पुण्यतिथि रविवार को उनके पैतृक गांव मेजवां स्थित फतेहमंजिल और कैफी आजमी गर्ल्स कॉलेज में मनाई गई। इस अवसर पर छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शौकत कैफी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
मेजवां वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कॉमरेड हरिमंदिर पांडेय, सीईओ गुरजीत कौर, प्रबंधक सलीम खान, उप प्रबंधक मनोज गौड़, प्रधानाचार्य शीला यादव, उप प्रधानाचार्य शेख समीना आजमी, गोपाल और डॉ. मोहम्मद अजीम सहित अन्य लोगों ने संयुक्त रूप से माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इस दौरान छात्राओं ने शौकत कैफी द्वारा लिखे गए फिल्म पाकीजा के गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। सलीम खान, शेख समीना आजमी, शीला यादव, हरिमंदिर पांडेय, गुरजीत कौर और मनोज गौड़ ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके योगदान को याद किया।
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में डॉ. मोहम्मद अजीम, डॉ. अनुपम सिंह और डॉ. शेहला शेख ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन छात्रा प्रियंका यादव और दीक्षा चौबे ने किया।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *