लालगंज में मतदाताओं को कराया गया मतदान का डेमो

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ईवीएम की कार्यप्रणाली को लेकर मतदाताओं के मन में मौजूद भ्रांतियां दूर करने और मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से तहसील परिसर स्थित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) प्रदर्शन केंद्र में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसडीएम नेहा मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं और क्षेत्र के आमजन को ईवीएम के संचालन की जानकारी दी गई। इस दौरान लोगों को स्वयं मशीन पर मतदान कराकर पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया।
एसडीएम नेहा मिश्रा ने आगामी 2027 के चुनाव को देखते हुए ईवीएम के प्रति लोगों के मन में मौजूद शंकाओं और भ्रांतियों को दूर किया। उन्होंने मशीन की कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया कि मतदाता किस प्रकार अपने पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर सकते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वयं ईवीएम पर वोट डालकर मतदान की प्रक्रिया को समझा।
एसडीएम ने बताया कि तहसील परिसर स्थित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। ईवीएम की कार्यप्रणाली को लेकर किसी भी प्रकार का संदेह होने पर लोग केंद्र पर पहुंचकर मतदान का डेमो देख और समझ सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक करने के साथ ईवीएम के प्रति विश्वास बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि 21 और 22 नवंबर को विशेष अभियान चलाकर मतदाता सूची में नए नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरवाए जाएंगे। जिन युवाओं और पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें नाम जुड़वाने के लिए जागरूक किया जाएगा। अभियान में विशेष रूप से युवा और महिला मतदाताओं को जोड़ने पर जोर रहेगा।
इस मौके पर राजेंद्र सिंह खन्ना, संतोष राय, रामसेवक यादव, कृष्ण कुमार मोदनवाल, कौस्तुभ मणि पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र मौर्य सहित सुपरवाइजर, एईआरओ और तहसील के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *