आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगर के डीएवी महाविद्यालय के स्मार्ट सेमिनार हाल में प्राचार्य प्रो. प्रेमचंद्र यादव के निर्देशन में, सरकारी अभियान के तहत जिला प्रशासन की टीम का नेतृत्व कर रहे मास्टर ट्रेनर इ. कुलभूषण सिंह ने 99 यूपी बटालियन एनसीसी से सम्बद्ध महाविद्यालय के कैडेटों, रोवर्स-रेंजर्स व एनएसएस के छात्र छात्राओं सहित कॉलेज के अध्यापकों और कर्मचारियों को स्वगणना के लिए प्रशिक्षित करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान भी किया।
उन्होंने कहा कि कैडेट्स और छात्र छात्राओं को प्रशिक्षित करने का उद्देश्य यह भी है कि न केवल वे अपनी और अपने परिवार की स्वगणना में भाग लें अपितु अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे। जो लोग प्रथम चरण की स्वगणना में भाग ले चुके हैं उन्हें भी पुनः इस स्वगणना में 16 नवम्बर से 30 नवम्बर तक भाग लेना है और 40 प्रश्नों की जानकारियों को दर्ज करना है, जिससे दिसम्बर माह में घर घर पहुंचने वाले प्रगणक को वो अपनी एसईआईडी शेयर कर सकें।
उन्होंने बताया कि एसएसआर प्रक्रिया के तहत युवा वोटरों को प्रोत्साहित कर मतदाता बनने के लिए भी 16 दिसम्बर तक ऑनलाइन या बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन करने का अवसर दिया गया है।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में, दुर्गाजी पीजी कॉलेज चण्डेश्वर के प्राध्यापक डॉ. सर्वेश कुमार सिंह ने महाराजा सुहेलदेव विश्विद्यालय की तरफ से विकसित एनईपी कनेक्ट ऐप के बारे में विस्तार से बताया। संचालन डॉ.पंकज सिंह ने किया। प्रो. शिल्पा त्रिपाठी ने अतिथियों और बच्चों के प्रति आभार ज्ञापित किया।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार