आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार को शिक्षकों से संबंधित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाध्यक्ष अभिमन्यु यादव की अध्यक्षता और डॉ. सत्यप्रिय सिंह के संचालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर एक विशाल धरने का आयोजन किया गया।
धरने को संबोधित करते हुए मंडलीय मंत्री अतुल कुमार सिंह ने कहा कि अप्रैल 2005 के पश्चात नियुक्त शिक्षकों के बुढ़ापे के सहारे और सेवानिवृत्ति के पश्चात सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत करने के लिए पुरानी पेंशन की बहाली अत्यंत आवश्यक है। जब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती, शिक्षकों का यह संघर्ष अनवरत जारी रहेगा। साथ ही, उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय के समस्त प्रधानाध्यापकों, प्राथमिक विद्यालय के समस्त प्रधानाध्यापकों तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय के समस्त सहायक अध्यापकों के पदों पर शीघ्र पदोन्नति किए जाने की मांग की। जिलाध्यक्ष अभिमन्यु यादव ने अपने संबोधन में कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के क्रम में टीईटी की अनिवार्यता के कारण आज लाखों शिक्षकों की नौकरी दांव पर लगी हुई है। राज्य सरकार को इससे मुक्ति दिलाने हेतु एक प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को उपलब्ध कराना चाहिए तथा टीईटी अनुत्तीर्ण शिक्षकों को वरिष्ठता के आधार पर सशर्त पदोन्नति दी जानी चाहिए। इस दौरान सुरेंद्र यादव, बृजेश पाठक, लालधारी यादव, राज नारायण, विपिन प्रजापति, रंजीत शर्मा, अंकित श्रीवास्तव, विनय सिंह, संतोष यादव, विकास गुप्ता, सतीश राय, सुशील यादव, हनुमान गुप्ता और कमलेश यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार