निःशुल्क नेत्र शिविर में 120 मरीजों की हुई जांच

शेयर करे

महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ग्रामीण क्षेत्र के गरीब और असहाय लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नव ज्योति नेत्र सेवा संस्थान, बिलरियागंज की ओर से महराजगंज विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रुपयनपुर स्थित शिव मंदिर परिसर में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 120 मरीजों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण कर दवाओं का वितरण किया गया।
इस दौरान कुछ मरीजों में मोतियाबिंद के लक्षण पाए जाने पर उन्हें ऑपरेशन के लिए चिह्नित किया गया। डॉ. वीके यादव ने बताया कि इस शिविर के आयोजन का मुख्य उद्देश्य गरीब और असहाय लोगों की आंखों का बेहतर इलाज कराना तथा जरूरतमंद मरीजों का सफल ऑपरेशन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी व्यक्ति को आंखों के इलाज से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए चिह्नित मरीजों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से नव ज्योति आई हॉस्पिटल, आनंद मेमोरियल स्कूल के पास, भीमबर रोड, बिलरियागंज में ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *