फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकास खंड में खुले में शौच से मुक्ति के उद्देश्य से संचालित स्वच्छ भारत मिशन योजना पर जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकार की ओर से लाखों रुपये खर्च कर सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। इनके संचालन के लिए केयरटेकर की नियुक्ति के साथ ही प्रत्येक माह मानदेय और रखरखाव के लिए धनराशि भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में सामुदायिक शौचालयों पर ताले लटके मिले।
फूलपुर विकास खंड में कुल 89 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें से 87 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान जौमा, सुदनीपुर, बक्सपुर, उद्पुर और टेवगा सहित कई गांवों के सामुदायिक शौचालयों पर ताला बंद मिला। बताया जाता है कि करीब 75 प्रतिशत सामुदायिक शौचालयों का यही हाल है। ग्रामीण खुलकर शिकायत करने से भी कतराते हैं। उन्हें आशंका रहती है कि कहीं सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी न हो।
इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी पंचायत फूलपुर संदीप ज्ञानवीर ने बताया कि सामुदायिक शौचालयों का संचालन हो रहा है। मौके पर शौचालय बंद मिलने और केयरटेकर की अनुपस्थिति की जानकारी देने पर उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ शिकायती पत्र देकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय