अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर सोमवार को सेक्टर प्रभारी, जोनल प्रभारी और बूथ अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई। इसमें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची की जांच करने तथा छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने नहीं देना है। इसके लिए बूथ अध्यक्षों और पार्टी कार्यकर्ताओं को लगातार अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी करनी होगी। 17 नवंबर से मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ स्तर पर लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि आज किसान, नौजवान और आम जनता समाजवादी पार्टी की ओर उम्मीद से देख रही है। किसानों और नौजवानों की खुशहाली के लिए पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है।
विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि एसआईआर को लेकर सभी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यकर्ता मतदाता सूची का गहन अध्ययन करें और जिन पात्र लोगों के नाम छूट गए हैं, उन्हें जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी कराएं। जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, उनका नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि गांव-गांव जाकर छूटे हुए मतदाताओं की पहचान करना और उन्हें मतदान के अधिकार से जोड़ना कार्यकर्ताओं की नैतिक जिम्मेदारी है। इस मौके पर कन्हैया गौड़ , घनानंद गिरी, लचीराम वर्मा, चंद्रजीत यादव, सुभाष चंद्र वर्मा, हरिराम बागी, डॉ. नरेंद्र नाथ यादव, जयप्रकाश यादव, महेंद्र यादव, संजय मौर्य, प्रमोद निषाद सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद