खेत में मिला पान विक्रेता का शव, हत्या की आशंका

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के मुबारकपुर थाना अंतर्गत अमिलो गांव स्थित महाजन का बाग में शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान 32 वर्षीय रविकांत उर्फ हीरा के रूप में हुई है, जो पान बेचने का काम करता था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण शौच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में पड़े युवक के शव पर पड़ी। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों का जमावड़ा लग गया। सूचना मिलने पर मुबारकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराई। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
रविकांत चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसका एक भाई खाड़ी देश में नौकरी करता है। करीब एक वर्ष पूर्व ही रविकांत की शादी खुशबू से हुई थी और वर्तमान में उसकी पत्नी गर्भवती है। पति की अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। आने वाले बच्चे के जन्म से पहले ही खुशबू के सिर से पति का साया उठ जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल युवक की मौत हत्या है या कोई अन्य वजह, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *