अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी रहे प्रशांत कुमार सिंह ने अतरौलिया स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में विधानसभा सीट पर अपनी दावेदारी दोहराई। उन्होंने कहा कि अतरौलिया सीट पहले निषाद पार्टी के खाते में थी, आज भी है और आगे भी रहेगी। एनडीए गठबंधन इस बार आजमगढ़ जिले में छह से सात सीटों पर जीत दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि लखनऊ में गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई बैठक में गठबंधन की सीटों को लेकर स्पष्ट चर्चा हुई है। गठबंधन में जिस दल के पास पहले सीट थी, उसे उसी के पास बनाए रखने की बात कही गई है।
प्रशांत सिंह ने समाजवादी पार्टी पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि अतरौलिया के 48 बूथों पर सपा के पक्ष में 95 प्रतिशत तक मतदान दिखाया गया था, जो उनके अनुसार असामान्य था। उन्होंने करीब 20 हजार फर्जी वोटों के जरिए चुनाव परिणाम प्रभावित करने का आरोप भी लगाया।
प्रशांत सिंह ने कहा कि निषाद पार्टी ने आजमगढ़ मंडल में दो विधानसभा सीटों की मांग एनडीए नेतृत्व के सामने रखी है। इनमें अतरौलिया प्रमुख है, जबकि दूसरी सीट की घोषणा उचित समय पर की जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के बयान का समर्थन करते हुए प्रशांत सिंह ने कहा कि निषाद पार्टी भाजपा से जीती हुई सीटें मांगने के बजाय उसकी हारी हुई सीटों को जीतकर एनडीए को उपहार देना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि पिछले चुनाव में पार्टी को मिली 16 हारी सीटों में से 11 पर जीत दर्ज की थी। भाजपा इस बार 50 हारी हुई सीटें भी देती है तो पार्टी कार्यकर्ता उन्हें जीतकर एनडीए की झोली में डालने का प्रयास करेंगे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद