आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सदर विधानसभा क्षेत्र के जैरामपुर गांव निवासी 17 वर्षीय छात्रा राशी गौड़ की 6 नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर सपा का प्रतिनिधि मंडल ने परिजनों से मुलाकात कर ढांढ़स बंधाया।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय से घर लौटने के बाद वह घर के सामने अचानक बेहोश हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसने विद्यालय के गंदे माहौल और व्यवस्थाओं को लेकर कुछ गंभीर बातें बताईं। उसने कथित तौर पर विद्यालय को बंद कर देने तथा वहां किसी को न पढ़ने जाने की बात भी कही थी।
रविवार को सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल पीड़ित परिवार से मिला। शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिया।
जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए और परिवार को न्याय मिलना चाहिए। इस पूरे प्रकरण ने कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। छात्रा द्वारा अस्पताल में दिए गए कथित बयान सहित सभी तथ्यों को जांच में शामिल किया जाए तथा निष्पक्ष जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलारे राजभर, जिला प्रवक्ता पप्पू कुमार यादव, जिला पंचायत सदस्य ऋषि यादव, बीरू यादव, शिवम गौड़ मेहरा, प्रदीप सहाय आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार