पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जैगहां बाजार में धनतेरस के पावन अवसर पर आयोजित वार्षिक मेला धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। मेले में सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देर रात तक बाजार में चहल-पहल बनी रही। मेले में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं, जहां श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया।
मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने विशेष इंतजाम किए थे। श्रीनगर सियरहां और बिलरियागंज की तरफ से आने वाले बड़े वाहनों का रूट डायवर्जन कर दिया गया था, जिससे बाजार में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। क्षेत्राधिकारी सगड़ी देशराज सिंह स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की निगरानी करते रहे। वहीं थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा पूरे पुलिस बल के साथ मेले में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
पुलिस की सक्रियता और बेहतर यातायात प्रबंधन के चलते मेला शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ। रात करीब 10 बजे तक मेले में लोगों की आवाजाही बनी रही। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी और व्यवस्था की सराहना की।
रिपोर्ट-बबलू राय