फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सरकार की मंशा के अनुरूप सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने और ग्रामीणों को एक ही स्थान पर उचित मूल्य पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गांवों में अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए फूलपुर ब्लॉक क्षेत्र की 15 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया था। वर्ष 2023 से 2026 के बीच इन ग्राम पंचायतों में भवन निर्माण की स्वीकृति मिली थी। एक अन्नपूर्णा भवन के निर्माण पर लगभग आठ लाख रुपये खर्च किए जाने थे। इसके बावजूद अब तक महज चार ग्राम पंचायतों में ही निर्माण कार्य पूरा हो सका है। शेष ग्राम पंचायतों में सरकारी भूमि उपलब्ध नहीं होने के कारण योजना अधर में लटकी हुई है।
ब्लॉक क्षेत्र की चमावा, चकिया, बैसाडीह और कनेरी ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कार्य पूरा करा लिया गया है। वहीं गोबरहा, फत्तेपुर, शेखबलिया, मटियार, इजदीपुर, मीर अहमदपुर शहजादा, चरोवा, सरावा, आदममऊ, बूढ़ापुर कुतुबअली और सुदनीपुर सहित अन्य चयनित ग्राम पंचायतों में भूमि उपलब्ध नहीं होने से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
इस संबंध में बीडीओ फूलचंद सरोज की ओर से उपजिलाधिकारी फूलपुर को पत्र लिखकर चयनित ग्राम पंचायतों में भूमि उपलब्ध कराने की मांग की गई थी। इसके बाद 29 अक्टूबर को भी पुनः पत्र भेजा गया, लेकिन अभी तक शेष ग्राम पंचायतों में भूमि उपलब्ध नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि एसडीएम को पत्र भेजा गया है। भूमि मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय