फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शनिवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले संपूर्ण तहसील समाधान दिवस की सूचना मिलते ही तहसील क्षेत्र के सरकारी विभागों में सक्रियता बढ़ गई है। सरकारी कार्यालयों में साफ-सफाई से लेकर अभिलेखों को व्यवस्थित करने तक का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। अचानक बढ़ी इस सक्रियता को लेकर क्षेत्र में भी तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी हैं। लोग आपस में चर्चा करते नजर आए कि लगता है कोई उच्चाधिकारी या मंत्री आने वाला है।
फूलपुर ब्लॉक के करीब दो दर्जन से अधिक सफाईकर्मी तहसील परिसर सहित लखनऊ-बलिया मुख्य मार्ग पर फावड़ा और झाड़ू लेकर साफ-सफाई में जुटे हैं। वहीं, सहायक विकास अधिकारी पंचायत संदीप ज्ञानवीर स्वयं मौके पर पहुंचकर सफाई कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं।
इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी पंचायत संदीप ज्ञानवीर ने बताया कि तीन से चार न्याय पंचायतों के सफाईकर्मियों को संयुक्त रूप से लगाया गया है। उनके द्वारा तहसील, कोतवाली और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर की साफ-सफाई कराई जाएगी। संबंधित अधिकारियों से कार्य संतोषजनक होने का प्रमाण भी लिया जाएगा, जिसे ब्लॉक कार्यालय में जमा कराया जाएगा।
उधर, ब्लॉक कार्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी अंदर-बाहर साफ-सफाई के साथ ही सरकारी अभिलेखों को व्यवस्थित करने में कर्मचारी जुटे हुए हैं। जिलाधिकारी के आगमन को लेकर विभिन्न विभागों में तैयारियां तेज हो गई हैं।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय