टेम्पो चालक ने लगाया मारपीट और अभद्रता का आरोप

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिले में टेम्पो चालक ने मनोज सरोज पर मारपीट, गाली-गलौज और अपनी नाबालिग बेटी के साथ अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले में दर्ज मुकदमे में धाराएं बढ़ाने और निष्पक्ष जांच कराकर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
देवगांव थाना क्षेत्र के मोहनपुर पटवॉस गांव निवासी अरविंद तिवारी पुत्र स्वर्गीय नंदलाल तिवारी टेम्पो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका आरोप है कि गीता सरोज को टेम्पो से लाने-ले जाने के मामले को लेकर मनोज सरोज से पुराना विवाद चल रहा है। इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया।
पीड़ित के मुताबिक एक नवंबर की शाम वह अपनी लगभग 12 वर्षीय बेटी रक्षा तिवारी के साथ टेम्पो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मनोज सरोज ने उनका टेम्पो रुकवा लिया और कथित तौर पर मां-बहन की गालियां देते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
अरविंद तिवारी का आरोप है कि पिता को पिटता देख उनकी बेटी रक्षा बचाने के लिए पहुंची तो उसके कपड़े खींचे गए और उसके साथ भी मारपीट व अभद्रता की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान बेटी को गलत तरीके से छुआ गया। किसी तरह मामला शांत होने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने देवगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने सामान्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इससे असंतुष्ट होकर उन्होंने एसएसपी से शिकायत की है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमे में उचित धाराएं बढ़ाने, निष्पक्ष जांच कराने और आरोपों के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की है।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *