लालगंज में ट्रक के केबिन में लगी भीषण आग

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। लालगंज में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वाराणसी-आजमगढ़ हाईवे पर सुभाष फिलिंग स्टेशन के पास खड़े एक ट्रक में अचानक आग लग गई। पेट्रोल पंप के नजदीक आग लगने की घटना से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज में ट्रक खड़ा कर चालक और खलासी केबिन में खाना बना रहे थे। इसी दौरान छोटे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख चालक और खलासी ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे ट्रक के केबिन में आग ने विकराल रूप ले लिया। पेट्रोल पंप के पास आग लगने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही देवगांव पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक के केबिन में लगी आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग बुझा दी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो पेट्रोल पंप के नजदीक होने के कारण स्थिति गंभीर हो सकती थी।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *