कार-टेंपो की टक्कर में नौ घायल

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जौनपुर-आजमगढ़ हाईवे पर शनिवार दोपहर भीरा गांव स्थित निरंकारी भवन के पास कार और टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन सड़क किनारे खेत में पलट गए, जिससे नौ लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, जौनपुर की ओर से आजमगढ़ आ रही कार का अचानक अगला टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार बगल से गुजर रहे टेंपो से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गए। हादसे की सूचना मिलते ही बरदह पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में टेंपो चालक अनिल कुमार (40), किशन (20), रीना (23) और जय यादव (20) शामिल हैं। वहीं, कार सवार मोहम्मद आदिल खान (30), मोहम्मद आमिर (28), चालक असलम तथा बक्शपुर निवासी एक ही परिवार की तीन महिलाएं भी घायल हुई हैं। बताया जा रहा है कि कार सवार लोग मुंबई से ट्रेन द्वारा जौनपुर पहुंचे अपने परिवार के सदस्यों को लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कार का अगला टायर फट गया, जिससे यह हादसा हो गया। थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि दुर्घटना में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *