रोजगार सृजन दिवस पर सिकंदरपुर पहुंचे जिला विकास अधिकारी, कार्यों का लिया जायजा

शेयर करे

मुबारकपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रोजगार सृजन दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला विकास अधिकारी संजय सिंह ने विकासखंड सठियांव की ग्राम पंचायत सिकंदरपुर का दौरा किया। उन्होंने गांव में चल रहे मिट्टी के कार्य का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद श्रमिकों से बातचीत कर रोजगार से जुड़ी जानकारी ली। इस दौरान ग्राम प्रधान अमित पांडेय भी मौजूद रहे।
जिला विकास अधिकारी ने श्रमिकों को बताया कि वीबीजी रामजी योजना के तहत अब ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 100 दिन के स्थान पर 125 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें काम की तलाश में बाहर न जाना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी ने श्रमिकों से कार्य की स्थिति और रोजगार मिलने से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को योजना के प्रावधानों की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की।
ग्राम प्रधान अमित पांडेय ने गांव में चल रहे विकास एवं रोजगार संबंधी कार्यों की जानकारी जिला विकास अधिकारी को दी। उन्होंने कार्यस्थल पर मौजूद श्रमिकों से भी संवाद किया।
इसी क्रम में खंड विकास अधिकारी हरिमोहन सिंह और एपीओ निर्भय राय ने क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सराय मुबारकपुर, कुकरसंडा, ओझौली, देवकी तारन और महरूपुर सहित अन्य गांवों में पहुंचकर मिट्टी की खुदाई समेत विभिन्न कार्यों की प्रगति देखी। ग्रामीणों को रोजगार सृजन दिवस के उद्देश्य और योजना से मिलने वाले लाभ के प्रति जागरूक किया गया।
रिपोर्ट-मनीष श्रीवास्तव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *