नाली न होने से घरों से नहीं निकल रहा पानी

शेयर करे

बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तहसील क्षेत्र के नन्दना बाजार में नाली की व्यवस्था नहीं होने से बाजारवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाली के अभाव में घरों से निकलने वाला पानी बाहर नहीं जा पा रहा है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में दिक्कत हो रही है। खासकर महिलाओं को नहाने-धोने और घरेलू काम करने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
बाजार के लोगों का आरोप है कि इसकी शिकायत कई बार जिला और प्रशासन स्तर से की गई लेकिन कई साल भी जाने के बाद भी नाली का निर्माण नहीं कराया गया जिससे लोग बरसात के समय में बाजार आना छोड़ देते हैं और हम लोगों के दुकानों पर काफी क्षति होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में नाली की व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी की निकासी एक गंभीर समस्या बन गई है। लोगों को उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी इस समस्या पर ध्यान देंगे और जल्द ही नाली निर्माण की दिशा में कदम उठाएंगे।
वहीं, बाजारवासियों ने जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि चुनाव नजदीक आते ही नेता विकास के बड़े-बड़े दावे करते हैं और जनता से तरह-तरह के वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद लोगों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं आता।

अब देखना यह है कि नन्दना बाजार में नाली निर्माण की समस्या का समाधान कब तक होता है और बाजारवासियों को इस परेशानी से कब निजात मिलती है।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *