निजामाबाद आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना परिसर में शनिवार को थाना दिवस पर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के पूर्व जिला मंत्री लालधर यादव के नेतृत्व में दर्जनों लेखपालों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लेखपालों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर कार्य किया और जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। लेखपालों के विरोध प्रदर्शन से तहसील क्षेत्र में चल रहे राजस्व संबंधी कार्यों को लेकर लोगों की नजरें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के पूर्व जिला मंत्री लालधर यादव ने बताया कि लेखपाल अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के आह्वान पर मांगें पूरी होने तक संपूर्ण ऑनलाइन कार्य बंद रखने का निर्णय लिया गया है। जब तक शासन स्तर से उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लेखपाल अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं और संगठन के निर्देशानुसार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। लेखपालों का कहना है कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना आवश्यक है, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुचारु रूप से कर सकें।
इस अवसर पर गजेंद्र भट्ट, उमेश कुमार, उमेश यादव, संजय सिंह, इस्तेकार अली, उत्तम सिंह, मोहम्मद हसनैन, प्रमोद यादव, नमन शुक्ला, श्रद्धा अस्थाना, सोनम सुमन, नंदन अग्रहरि, शबेनूर, सरिता आदि लेखपाल उपस्थित रहीं।
मेंहनगर प्रतिनिधि के अनुसार प्रदेश के समस्त लेखपालों द्वारा अतिरिक्त हल्के के कार्य का बहिष्कार करते हुए बस्ता जमा किये जाने के बावजूद लेखपाल संवर्ग की लंबित एवं न्यायोचित मांगो पर परिषद व शासन द्वारा ध्यान आकृष्ट न किये जाने से प्रदेश के समस्त लेखपालों में भारी निराशा व आक्रोश व्याप्त है। लेखपाल संघ उपशाखा मेंहनगर के सभी लेखपाल थाना मेंहनगर पर हाथ में काली पट्टी बांध कर थाना दिवस पर काय करते हुए विरोध दर्ज कराया।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र/धीरज तिवारी