माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर स्थित पुलिस चौकी पर चौकी प्रभारी यश सिंह पटेल की अध्यक्षता में शनिवार को पीस कमेटी की बैठक हुई। मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर विजय सिंह गौर और विशिष्ट अतिथि ईओ माहुल अवधेश मिश्र रहे। बैठक में दुर्गा पूजा और रामलीला में शांति और सौहार्द्र बनाए रखने हेतु उपस्थित जन समुदाय से विस्तार से चर्चा हुई।
सीओ बूढ़नपुर विजय सिंह गौर ने कहा कि दुर्गापूजा और रामलीला भारत की आत्मा है। यदि कोई भी अराजक तत्व इसमें खलल डालेगा तो पुलिस उससे सख्ती से निबटेगी। उन्होंने पांडाल संचालकों को हिदायत देते हुए कहा कि इसमें महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा का विशेष ख्याल रखंे और शराब आदि का सेवन न करंे। पूजा पांडाल की स्थापना के समय बिजली के तारों आदि का ख्याल रखें। पांडाल में बालू और पानी का ड्रम जरूर रखे। उन्होंने डीजे संचालकों को विशेष रूप से आगाह करते हुए कहा कि निर्धारित सीमा से ज्यादा यदि कहीं भी बजता हुआ मिला तो उसके ऊपर दंडात्मक कार्यवाही पुलिस करेगी। किसी भी दशा में अश्लील गाना नहीं बजेगा। रात्रि 10 बजे के बाद डीजे पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने लोगो से यह भी कहा कि पुलिस त्यौहारों को शांति और सौहार्द के साथ मनाने के लिए आप के साथ खड़ी है। पांडाल स्थापना से मूर्ति विसर्जन तक शांति सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष राम किशोर शर्मा, चेयरमैन लियाकत अली, भाजपा मंडल अध्यक्ष विमलेश पाण्डेय, संजय मोदनवाल, गोपाल अग्रहरि, हरिकेश गुप्ता, अखिलेश अग्रहरि, विजय शंकर पाण्डेय, राज बहादुर यादव, राम लाल मौर्य, लाल बहादुर यादव आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-श्यामसिंह